डिग्री नहीं, असली हुनर तय करेगा देश का भविष्य: पीएम

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज के समय में देश का भविष्य केवल किताबी डिग्रियों से नहीं बल्कि व्यावहारिक हुनर से बनेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरियों पर मंडरा रहे संकट पर युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, “जिसके पास वास्तविक स्किल है, उसका रोजगार दुनिया का कोई भी एआई नहीं छीन सकता।”
वह शनिवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पीएम मोदी ने युवाओं को आत्मनिर्भरता और कौशल विकास (Skill Development) का नया मंत्र दिया।
आक्रांताओं ने भारत के पारंपरिक हुनर पर चोट की
प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से अपने अद्भुत शिल्प और कौशल के लिए दुनिया भर में जाना जाता था, लेकिन विदेशी आक्रांताओं ने सबसे पहले भारत के इसी पारंपरिक हुनर को निशाना बनाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान सरकार देश के उसी खोए हुए कौशल वैभव को फिर से जीवित करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।
सोना न खरीदने की पुरानी अपील को किया याद
पीएम मोदी ने करीब एक साल पहले देशवासियों से की गई अपनी एक खास अपील का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे उन्होंने लोगों से बहुत जरूरी न होने पर सोना न खरीदने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री ने संतोष जताते हुए कहा कि देश की जनता ने उनकी इस बात का मान रखा, जिससे न केवल आम परिवारों की बचत बढ़ी बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा सहारा मिला।
यूपी में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट से लेकर ब्रह्मोस तक
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में विकास और औद्योगिक बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज यूपी देश के विकास को गति दे रहा है। एक समय प्रदेश के युवाओं के सामने अवसरों की कमी थी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने मिलकर स्थिति बदलने का काम किया है। आज यूपी के लोग गर्व से कहते हैं कि उनका प्रदेश एक्सप्रेसवे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटी वाला प्रदेश है। यहां पर्यटन भी फल-फूल रहा है। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय और उद्योगों का विस्तार विकास की नई तस्वीर पेश कर रहा है।
52 राष्ट्रीय टॉपर्स को किया सम्मानित
पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने देशभर के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया। इनमें उत्तर प्रदेश के छह प्रतिभाशाली युवा भी शामिल रहे। समारोह में प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 4200 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित किया गया।
मां का अंतिम संस्कार कर कार्यक्रम में पहुंचे योगी
कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




