HealthUP

अलीगढ़ के दो मासूमों को आरबीएसके के तहत कॉक्लियर इम्प्लांट से मिली आवाज

अलीगढ़, 24 नवंबर 2026। अलीगढ़ के दो मासूमों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत कॉक्लियर इम्प्लांट से सुनने की क्षमता मिली है। दोनों बच्चों की सर्जरी कानपुर के मेहरोत्रा ईएनटी अस्पताल में की गई। अतरौली के गांव खेड़ा कल्याणपुर निवासी परमवीर के दो वर्षीय पुत्र और किंजलपुर निवासी मुकेश कुमार के तीन वर्षीय बेटे युवराज सिंह बचपन से सुनने और बोलने में असमर्थ थे। परिवारों के लिए लाखों रुपये का इलाज संभव नहीं था।

गांव में जांच के बाद कानपुर में सर्जरी

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव-गांव जांच कर इन बच्चों को चिन्हित किया। आगे की जांच में दोनों को कॉक्लियर इम्प्लांट की जरूरत बताई गई। विभाग ने प्रक्रिया पूरी कराकर उन्हें कानपुर भेजा, जहां विशेषज्ञों ने सफल सर्जरी की। एक बच्चे के ऑपरेशन पर करीब छह लाख रुपये खर्च हुए। पहचान से लेकर सर्जरी तक का खर्च सरकार ने उठाया। अब दोनों बच्चे सुन सकेंगे और धीरे-धीरे बोलना भी सीखेंगे। जिले में वर्ष 2021 से अब तक करीब 31 बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट हो चुका है।

सर्जरी के बाद स्पीच थेरेपी जरूरी

कॉक्लियर इम्प्लांट कान के अंदर लगाया जाने वाला एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक यंत्र है, जो आवाज को मस्तिष्क तक पहुंचाता है। यह उन बच्चों के लिए उपयोगी बताया जाता है जिनके कान का भीतरी हिस्सा ठीक से काम नहीं करता। सर्जरी के बाद स्पीच थेरेपी दी जाती है, जिससे वे बोलना सीखते हैं। परमवीर ने कहा कि अब तक बेटे को पुकारने पर भी जवाब नहीं मिलता था, अब उम्मीद है कि वह सुनकर बोलेगा। मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें लगता था कि उनका बेटा कभी बोल नहीं पाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद दिया।

यह भी पढ़ें:

जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) के प्रबंधक मोहम्मद मोनाजिर ने कहा कि सर्जरी के बाद नियमित थेरेपी जरूरी होगी। विभाग इन बच्चों की निगरानी रखेगा और स्पीच थेरेपी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि जिले में ऐसे बच्चों की तलाश जारी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री, आशा और आरबीएसके टीम गांव-गांव जांच कर रही हैं, ताकि कोई बच्चा इलाज से न छूटे। इस योजना में जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की मुफ्त जांच और इलाज होता है। इसमें हृदय रोग, कटे होंठ, टेढ़े पैर, सुनने-बोलने की समस्या समेत 30 से अधिक बीमारियां शामिल हैं।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button