Life Style

लखनऊ पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

LUCKNOW: लखनऊ पब्लिक स्कूल (सी.पी. सिंह फाउंडेशन) की समस्त शाखाओं में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून को भव्य एवं अनुशासित रूप से योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया।

विभिन्‍न योग आसनों का कराया अभ्‍यास

प्रारंभ में विद्यालय के योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया गया तथा उनके वैज्ञानिक लाभों और स्वास्थ्यवर्धक प्रभावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, अर्द्ध कटिचक्रासन, कोणासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों के अतिरिक्त सुखासन, वज्रासन, पद्मासन, पवनमुक्तासन जैसे बैठकर एवं भुजंगासन, धनुरासन, मकरासन जैसे लेटकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास कराया गया।

यह भी पढ़ें: संस्थापक श्री सी.पी. सिंह के 69वें जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ पब्लिक स्कूल (LPS) में ‘फाउन्डर्स डे’ का आयोजन

सत्र के दौरान अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी जैसे प्राणायाम तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास भी कराया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति एवं ऊर्जा प्राप्त करने की विधियाँ बताई गईं।

यह भी पढ़ें: साइकिल, ब्लैकबोर्ड और एक सपनाः सी.पी. सिंह का शिक्षा पर प्रभाव

योग पर नुक्‍कड़ नाटक भी किया प्रस्‍तुत

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में विद्यार्थियों द्वारा योग की महत्ता पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें योग को आधुनिक जीवनशैली का अनिवार्य अंग बनाए जाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री लोकेश सिंह एवं निदेशिका श्रीमती रश्मि पाठक ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि यह मानसिक एवं आत्मिक संतुलन की ओर भी मार्ग प्रशस्त करता है। हमें योग को दैनिक जीवन की दिनचर्या में सम्मिलित कर ‘करें योग, रहें निरोग’ के सिद्धांत को अपनाना चाहिए।” उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ भी प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्यगण, उपप्रधानाचार्यगण, समस्त शाखा प्रभारी, शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे। समस्त शाखाओं में एक समान समय पर आयोजित इस व्यापक आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन एवं एकात्मता का सशक्त संदेश प्रदान किया।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button