UP

यूपी में टाटा समूह बनायेगा 30 नए होटल, ईवी और ऊर्जा क्षेत्र में भी निवेश

सीएम योगी से मिले टाटा समूह के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखन

Lucknow: यूपी के पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्र में टाटा समूह (Tata Group) बड़ा निवेश करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath)) के साथ हुई बैठक में टाटा समूह के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखन ने प्रदेश में होटल, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर ऊर्जा और थर्मल पावर से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी दी।

एन. चंद्रशेखन ने बताया कि टाटा समूह के ताज, सेलेक्शंस और विवांता ब्रांड के तहत प्रदेश में 30 होटल पहले से निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही 30 नए होटलों के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर उत्तर प्रदेश में लक्जरी होटल कमरों की संख्या 2,000 से बढक़र लगभग 5,000 हो जायेगी।

इसे भी पढ़ें : 11 माह के मासूम को मिला नया जीवन, दूरबीन विधि से फेफड़े की जटिल सर्जरी सफल

इन शहरों में बनेंगे होटल

टाटा समूह के होटल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्रों में विकसित किए जायेंगे, जिनमें प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, वृंदावन, आगरा, लखनऊ, कानपुर, बिजनौर और गोरखपुर शामिल हैं। बैठक में बताया गया कि नोएडा में एक सिग्नेचर होटल विकसित किया जा रहा है, जबकि प्रयागराज में एक लक्जऱी ताज होटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

ईवी मैन्युफैक्चरिंग और ऊर्जा क्षेत्र में भी निवेश

टाटा मोटर्स प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों और बसों की मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। प्रयागराज के बारा में 1900 मेगावाट की नई थर्मल यूनिट स्थापित की जा रही है। बारा में 360 मेगावाट की तीन पावर जनरेशन यूनिट्स के साथ ही प्रयागराज और बांदा में 50-50 मेगावाट की सोलर परियोजनाएं विकसित की जानी हैं।

टाटा समूह नोएडा में निवेश को आकर्षित करने के लिए नई आईटी और इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डिंग्स का निर्माण कर रहा है। इनका पहला चरण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। बैठक में कहा गया कि बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते उत्तर प्रदेश में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। इसके मद्देनजऱ संगठित और प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता बढ़ी है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

Back to top button