UP

पीजीआई निदेशक का कर्मचारी महासंघ ने किया घेराव, दुर्व्यवहार पर जताई नाराजगी

लखनऊ। संजय ग़ांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में सोमवार को कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सैकड़ों कर्मचारियों और अधिकारियों ने निदेशक डॉ आर. के.धीमान का घेराव किया। धरना स्थल निर्धारित करने, प्रदर्शन से पहले प्रशासन से अनुमति लेने की अनिवार्यता और कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मुद्दे पर कर्मचारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
करीब सुबह 11 बजे शुरू हुए घेराव के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने निदेशक के सामने अपनी मांगें रखीं। निदेशक की ओर से आश्वासन और दुर्व्यवहार के मामले में खेद जताए जाने के बाद घेराव समाप्त हुआ। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी संस्थान में काम करेंगे, लेकिन अपनी समस्याओं को उठाने और विरोध दर्ज कराने के लिए उन्हें संस्थान से बाहर जाना पड़े, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के लिए अलग स्थान निर्धारित करना और इसके लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेने की व्यवस्था कर्मचारियों की आवाज दबाने जैसा है।

महासंघ के नेताओं ने बताया कि 28 नवंबर को हुई गवर्निंग बॉडी की बैठक में कर्मचारियों के लिए धरना स्थल निर्धारित करने और धरना देने से पहले प्रशासन की अनुमति अनिवार्य करने का प्रस्ताव एजेंडे में शामिल किया गया था। कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष धर्मेश कुमार और महामंत्री सीमा शुक्ला ने कहा कि यदि यह प्रस्ताव पास हो जाता तो कर्मचारियों के उत्पीड़न का नया रास्ता खुल जाता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कर्मचारियों के जायज काम समय से होंगे तो उन्हें धरना-प्रदर्शन करने की जरूरत ही क्यों पड़ेगी।

इस पर निदेशक ने स्वीकार किया कि उन्हें महसूस हुआ है कि यह एजेंडा गलत तरीके से लाया गया था और बैठक में इस मुद्दे पर कोई बहस नहीं हुई थी।

घेराव के दौरान कर्मचारियों ने निदेशक के व्यवहार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। महासंघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया है। इस पर निदेशक ने खेद व्यक्त किया।

कर्मचारियों ने संस्थान में बढ़ते वीआईपी कल्चर पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इसके कारण कर्मचारियों और अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है, जिससे संस्थान की कार्यसंस्कृति और मर्यादा प्रभावित हो रही है। इसके अलावा कर्मचारियों के मानकीकरण समेत कार्मिकों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित होने पर भी नाराजगी जताई गई। निदेशक की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद महासंघ ने घेराव समाप्त कर दिया।

घेराव में अध्यक्ष धर्मेश कुमार, महामंत्री सीमा शुक्ला, उपाध्यक्ष नीलमणि तिवारी, मेडिटेक संगठन के महामंत्री राकेश कुमार निगम, धीरज सिंह, कर्मचारी नेता आरके बाजपेई, अमर सिंह, संगठन मंत्री अंकित पांडेय, बृजभूषण यादव, मंजू यादव, अजय चौधरी, कार्यकारिणी सदस्य वसीम रिजवी, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर अनीता सिंह और नर्सिंग एसोसिएशन के महामंत्री विवेक सागर सहित सैकड़ों कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button