“धरती माता को बचाना है”: डीपीएस सीतापुर के बच्चों ने रैंप वॉक से नुक्कड़ नाटक तक दिया पर्यावरण का पाठ

सीतापुर, दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर में पृथ्वी दिवस के अवसर पर सप्ताह भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के जूनियर और सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छोटे बच्चों ने रंग भरने, हैंड पेंटिंग, क्राफ्ट-मेकिंग तथा पृथ्वी और पेड़-पौधों पर आधारित सॉफ्ट बोर्ड प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वहीं “पर्यावरण बचाओ” और “धरती माता” जैसे विषयों पर बच्चों ने अपने विचार भी साझा किए।

विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें छात्रों ने पौधे लगाकर हरियाली के महत्व को समझा। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कविता पाठ, नारा लेखन और पोस्टर मेकिंग शामिल रहे।
सीनियर वर्ग के छात्रों ने रोल-प्ले, नुक्कड़ नाटक, समूह गान, कविता प्रस्तुति, मोनोलॉग और थीमैटिक रैंप वॉक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। “पर्यावरण बचाओ” विषय पर प्रस्तुत लघु नाटिका ने सभी को विशेष रूप से प्रभावित किया। इस अवसर पर छात्रों को पर्यावरण-अनुकूल उपहार भी वितरित किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. सिंह, हेडमिस्ट्रेस फराह इमाम एवं सविता सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया और उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
सप्ताह भर चले इस आयोजन का समापन 23 अप्रैल को विशेष सभा के साथ हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में सफलता मिली।







