‘मैं श्रीकृष्ण का वंशज, अब सीधा संघर्ष अखिलेश से होगा’, BJP नेता मनीष यादव ने Hazratganj में किया Protest

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता मनीष यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौलाना जार्जिस, पप्पू यादव और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौलाना जार्जिस का पुतला दहन किया। उन्होंने मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता मनीष यादव ने मौलाना जार्जिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौलाना लगातार सनातन धर्म, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान भोलेनाथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून के तहत तुरंत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

अखिलेश यादव से मांगा जवाब
मनीष यादव ने दावा किया कि मौलाना जार्जिस को समाजवादी पार्टी का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने खुद को श्रीकृष्ण का वंशज बताते हुए सपा प्रमुख को खुली चुनौती दी। मनीष ने कहा, “मैं श्रीकृष्ण का वंशज हूं, अब मेरा सीधा संघर्ष अखिलेश यादव से होगा।”
यह भी पढ़ें:
- Rooftop Solar: लखनऊ बना देश का नंबर-1 जिला, PM Surya Ghar Yojana के टॉप-100 में यूपी के 17 शहर
- SGPGI में हार्ट स्टेंट वाले बुजुर्ग मरीज की जटिल हिप सर्जरी
- SGPGI लखनऊ की बड़ी उपलब्धि: दुर्लभ बीमारी X-ALD का पहला सफल बोन मैरो ट्रांसप्लांट, पिता ने दिया बेटे को जीवनदान
उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि यदि वह स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण के वंश से जुड़ा बताते हैं, तो उन्हें इस पूरे विवाद पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखना चाहिए। किसी भी धर्म या देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर सपा की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
पप्पू यादव पर भी साधा निशाना
भाजपा नेता ने पप्पू यादव के कथित सनातन विरोधी बयानों का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने केंद्र सरकार से पप्पू यादव के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मनीष ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्थाओं का अपमान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ता है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी नारेबाजी की। उन्होंने साफ किया कि धार्मिक आस्थाओं के सम्मान के लिए वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। किसी भी महापुरुष या देवी-देवता का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




