UP

शीतलहर का असर: नर्सरी-प्री प्राइमरी बंद, कक्षा 1 से 8 का समय बदला

Lucknow: शीतलहर और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन (District Administration) लखनऊ ने नर्सरी और प्री-प्राइमरी कक्षाओं को 27 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।

जिलाधिकारी विशाख जी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ में संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी और प्री-प्राइमरी कक्षाओं में 24 दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक पूर्ण अवकाश रहेगा। इसके साथ ही कक्षा 1 से कक्षा 8 तक की कक्षाएं अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही संचालित की जाएगी। यह व्यवस्था 24 दिसंबर 2025 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन ने यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए लिया है। घने कोहरे और अत्यधिक ठंड के कारण सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे बच्चों के स्कूल आने-जाने में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। साथ ही ठंड के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इसे भी पढ़ें : केजीएमयू में लव जिहाद! आरोपी डॉक्टर निलंबित, विशाखा कमेटी जांच में जुटी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अतिरिक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को इस आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में उठाया गया सही कदम बताया है। ठंड और कोहरे के इस मौसम में प्रशासन के इस फैसले से हजारों छात्रों और उनके परिजनों को राहत मिली है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

Back to top button