EMRI GHS ने धूमधाम से मनाया वर्ल्ड वेटरनरी डे, 1962 MVU के उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

लखनऊ: ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज (EMRI Green Health Services) की ओर से शनिवार को ‘वर्ल्ड वेटरनरी डे’ (World Veterinary Day) बेहद धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर आशियाना स्थित 1962 मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU) के कॉल सेंटर और अन्य जिलों में कर्मचारियों तथा पशु चिकित्सकों ने केक काटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य और कल्याण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पशु चिकित्सकों और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में पशु चिकित्सक डॉ. प्रीति, डॉ. चंद्रप्रभा, डॉ. साहिल और डॉ. शरद समेत पूरी टीम ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ईआरसी प्रमुख रोहित श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और टीम वर्क की सराहना की।

आपको बता दें कि ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में 1962 मोबाइल वेटरनरी यूनिट का संचालन कर रही है। यह यूनिट ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के दरवाजे तक जाकर निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाएं और जरूरी परामर्श उपलब्ध कराती है, जिससे बीमार पशुओं को समय पर उपचार मिल पा रहा है। इसके अलावा, संस्था द्वारा राज्य में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं का भी सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।

संस्था के प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों के अमूल्य योगदान की तारीफ की। उन्होंने पूरी टीम को पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने और पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। इस मौके पर एस.पी. सिंह, प्रशांत त्रिपाठी, हर्षित और सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




