UP

दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों-लाभार्थियों के खाते में पहुंचा 441.27 करोड़, एनएचएम ने तकनीकी अड़चनें पार कीं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने दीपावली से पहले करीब तीन लाख कार्मिकों और लाभार्थियों के खातों में 441.27 करोड़ रुपये पहुंचा दिए। एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर तकनीकी और प्रक्रियागत दिक्कतें आने के बावजूद यह भुगतान तय समय में पूरा हुआ।

एनएचएम की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने त्योहार से पहले विभाग के कर्मचारियों को मानदेय दिलाने के निर्देश दिए थे, ताकि सभी दीपावली धूमधाम से मना सकें। उन्होंने कहा कि तीन लाख खातों में समय से राशि पहुंचाना आसान नहीं था। कहीं डेटा में कमी थी, तो कहीं पोर्टल और आधार लिंकिंग की समस्या से भुगतान अटकने की आशंका थी।

सुबह 10 से रात 12 बजे तक वीसी से निकाला जाम

डॉ. जोवल ने बताया कि भुगतान की निगरानी उन्होंने स्वयं की। सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठकें हुईं, जिनमें एक-एक लंबित मामले का निस्तारण कराया गया। अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोला गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने छुट्टी में भी रिकॉर्ड की जांच और सत्यापन किया, ताकि पात्र लोगों के खाते में सही राशि पहुंचे।

एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर आधार लिंकिंग से जुड़ी बाधा के समाधान के लिए भारत सरकार को पत्र लिखकर कार्रवाई का अनुरोध भी किया गया। मिशन निदेशक की लगातार निगरानी और विभाग के समन्वय से भुगतान समय पर पूरा हो सका।

किसे मिला कितना भुगतान

दीपावली से पहले 74 हजार कार्मिकों को मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि और 79,071 जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों को योजना की देय राशि दी गई। इन तीनों श्रेणियों का कुल भुगतान 441.27 करोड़ रुपये रहा।

विभाग का कहना है कि जल्दबाजी के बजाय डेटा की शुद्धता और भुगतान की पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि तकनीकी अड़चनों के बीच भी पात्र लाभार्थियों को त्योहार से पहले राहत मिल सके।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button