India

विभिन्न सरकारी नौकरियों में 1950 चयनित युवाओं को योगी ने दिया नियुक्ति पत्र

- उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित किए गए 1526 ग्राम पंचायत अधिकारी, 360 ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण), 64 समाज समाज कल्याण पर्यवेक्षक

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को नियुक्ति पत्र के रूप में दीपावली के पहले युवाओं को उपहार प्रदान किया। योगी सरकार के निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत गुरुवार को 1950 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसमें उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 1526 ग्राम पंचायत अधिकारी, 360 ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण), 64 समाज समाज कल्याण पर्यवेक्षक चयनित किए गए हैं। सीएम ने उम्मीद जताई कि जितनी निष्पक्षता व पारदर्शिता से नियुक्ति मिली है, पूरा कार्यकाल इसी निष्पक्षता व पारदर्शी तरीके से बढ़ता जाएगा तो यूपी भारत की नंबर एक की अर्थव्यवस्था और भारत 2047 में विकसित व आत्मनिर्भर बनेगा।

साढ़े सात वर्ष में दी सात लाख सरकारी नौकरी

सीएम योगी ने कहा कि साढ़े सात वर्ष में हमारी सरकार ने सरकारी सेवाओं में लगभग 7 लाख भर्ती संपन्न की है। प्रदेश के अंदर सुरक्षा का बेहतर माहौल देने के कारण निजी क्षेत्र में भी लाखों नौजवानों के लिए नौकरी की संभावना बढ़ाई गईं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश का युवा पहले नौकरी-रोजगार के लिए देश-दुनिया में भटकता था। आज उसे अपने प्रदेश, क्षेत्र व जनपद में नौकरी मिल रही है। वह घर के कार्यों के साथ-साथ सर्विस और परिवार की देखभाल भी कर रहा है।

जो नींव आप रखेंगे, उसी पर आत्मनिर्भर व विकसित भारत की आधारशिला बनने वाली है

सीएम ने कहा कि राष्ट्रपिता के ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार करने की आधारभूत इकाई ग्राम पंचायत है। पीएम मोदी ने लक्ष्य प्रस्तुत किया है कि देश जब 2047 में आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, तब हमें आत्मनिर्भर व विकसित भारत चाहिए। इसके लिए जो नींव आज आप रखेंगे, उसी पर आत्मनिर्भर व विकसित भारत की आधारशिला बनने वाली है। हमारी ग्राम पंचायतें भी उसकी आधारशिला हैं। इसके लिए पंचायतीराज विभाग ने बहुत सारे कार्य पहले ही किए हैं। 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से ग्राम पंचायतों को 29 प्रकार के कार्यों करने के लिए डेलीगेट किए गए हैं।

गांव से जुड़ी समस्याओं का समाधान गांवों में ही हो

सीएम ने कहा कि अब यूपी के 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय लगभग बन चुके हैं। इनमें ऑप्टिकल फाइबर, इंटरनेट, वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। ग्राम पंचायत सहायक के रूप में कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त किया जा चुका है। गांव से जुड़ी समस्या का समाधान गांव में ही मिले।

आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र आदि सुविधाएं वहीं ऑनलाइन प्राप्त हों। प्रधान व अन्य लोगों के साथ बैठकर ग्राम पंचायत की साल भर की कार्ययोजना तैयार की जाए। केवल केंद्रीय व राज्य वित्त की धनराशि से ही विकास कार्यों को बढ़ा सकें, ऐसा न हो। खुद के रिसोर्स और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमारे स्तर पर क्या प्रयास हो सकते हैं, यह भी देखना होगा।

हर ग्राम पंचायत में आत्मनिर्भर होने की छिपी है संभावना

सीएम योगी ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में आत्मनिर्भर होने की संभावना छिपी हुई है। ग्राम पंचायत के पास कुछ सरप्लस लैंड होगी। गांव में बाजार लगते होंगे, उसे ग्रामीण हॉट के रूप में विकसित करें। गांव का ड्रेनेज-सीवर किसी नाला व नदी में न गिरे, बल्कि गांव से दूर देसी पद्धति से ट्रीटमेंट का प्रयोग करें तो नदी व तालाब का पानी भी शुद्ध रहेगा।

तालाबों का मत्स्य पालन व अन्य कार्यों के लिए उपयोग कर सकें तो इससे ग्राम पंचायत की अतिरिक्त आय भी होगी। सीएम ने कहा कि पंचायतीराज विभाग प्रस्ताव तैयार करे, जिन ग्राम पंचायतों के पास केंद्रीय व राज्य वित्त से पैसा जाता है और इसमें से ज्यादातर वेतन-भत्तों में ही खर्च होता है। यह ग्राम पंचायत पहले चरण में जितना पैसा अपने रिसोर्सेज से एकत्र करेंगे, उतने ही पैसे राज्य सरकार विकास के लिए उपलब्ध कराएगी।

गांवों को बनाएं आत्मनिर्भर व स्मार्ट

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 17 सिटी स्मार्ट बन रहे हैं। क्या ग्राम पंचायतें भी स्मार्ट हो सकती हैं। इसके लिए अनेक कार्य हो सकते हैं। ग्राम पंचायत में जनसहभागिता से साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था हो।

सीएम ने कहा कि पहले जितना भी कूड़ा होता था, उसके निस्तारण के लिए ग्राम पंचायत के पास खाद का गड्ढा होता था। इसे फिर से ढूंढने व बनाने की आवश्यकता है। रिजर्व भूमि में खाद गड्ढा, गोचर की भूमि व निरााश्रित गोवंश के पालन के लिए गोआश्रय स्थल तैयार कराएं। जिनके पास शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी सूची तैयार कर हर विपन्न को लाभ दिलाएं।

ग्राम सचिवालय के पास बन सकते हैं अतिरिक्त आय के माध्यम

सीएम योगी ने कहा कि ग्राम सचिवालय के पास अतिरिक्त आय के भी माध्यम बन सकते हैं। वहां कम्युनिटी सेंटर बन सकता है, गांव के सार्वजनिक कार्यक्रम हो सकते हैं। यूजर चार्ज के आधार पर ग्रामीणों को सुविधा दीजिए। इससे गांव के पास भवन भी होगा। फेयर प्राइस शॉप ग्राम सचिवालय के पास मॉडल के रूप में बन रही है। हमने छूट दी है कि केवल सरकारी राशन ही नहीं, बल्कि अन्य सामान भी वितरित कीजिए। इसका किराया ग्राम पंचायत में जमा होगा। यह भी ग्राम पंचायत के अतिरिक्त इनकम का माध्यम बन सकता है,

लखीमपुर खीरी के थारू समुदाय का युवक भी निष्पक्षता से पा रहा नियुक्ति पत्र

सीएम योगी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। यह 21 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दे रहा है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम, पेंशन या अन्य वेलफेयर स्कीम अनुसूचित जाति-जनजाति के नौजवानों को नई दिशा देती है। यह कार्यक्रम मजबूती से बढ़ते दिखने चाहिए। सीएम ने कहा कि आज लखीमपुर खीरी के जनजाति समुदाय (थारू) के नौजवान ने भी नियुक्ति पत्र प्राप्त किया है। बड़ी संख्या में बेटियों की उपस्थिति महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम को दिखाता है।

कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त मोनिका एस. गर्ग, अपर मुख्य सचिव (पंचायती राज) नरेंद्र भूषण, प्रमुख सचिव (समाज कल्याण) डॉ. हरिओम, प्रमुख सचिव (नियुक्ति व कार्मिक) एम. देवराज, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के प्रभारी अध्यक्ष ओएन सिंह आदि मौजूद रहे।

सीएम योगी के हाथों मिला नियुक्ति पत्र

ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर चयनित अवनीश तिवारी को बाराबंकी में नियुक्ति मिली है। आमिर अली सिद्दीकी को हरदोई, रूबी मिश्रा को महोबा, नीतेश सिंह को गोरखपुर, अखिलेश सिद्धार्थ को अयोध्या, निधि को गोरखपुर, अरविंद सिंह राणा को अमेठी, दिनेश कुमार मौर्य को वाराणसी में नियुक्ति मिली है। ग्राम विकास अधिकारी पद पर दिव्या को कन्नौज, गोरखपुर में कन्हैया लाल गौतम, सुल्तानपुर में प्राची पाठक नियुक्त की गई हैं। इन सभी नवचयनितों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

2024 में नियुक्ति पत्र वितरण

लोकभवन
25 फरवरी- 1782 अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र। इसमें यूपी पावर कॉरपोरेशन के 852 पद, 141 दंत चिकित्सक, 391आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, 14 समीक्षा अधिकारी, 42 सहायक अभियोजन अधिकारी, 123 जेई (आवास), 210जेई (सिंचाई), 9 निरीक्षक (राजकीय कार्यालय निरीक्षणालय, प्रयागराज)

28 फरवरी- 3077 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया गया नियुक्ति पत्र

14 मार्च- सीएम योगी ने नवचयनित 39 उपजिलाधिकारियों, 41 पुलिस उपाधीक्षकों व 16 कोषाधिकारियों- लेखाधिकारियों को वितरित किया नियुक्ति पत्र

10 जुलाई- सीएम योगी ने 7720 लेखपालों को दिए नियुक्ति पत्र

13 अगस्त-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1036 अभ्यर्थियों को दिया नियुक्ति पत्र। इनमें 536 सहायक शोध अधिकारी सांख्यिकी, 235 सहायक सांख्यिकीय अधिकारी, 213 कनिष्ठ सहायक, लेखा लिपिक, मंडी पर्यवेक्षक श्रेणी-2, मंडी निरीक्षक, 15 नक्शानवीस/मानचित्रक और 37 मानचित्रकार शामिल

4 सितंबर-मुख्यमंत्री ने उ.प्र.अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1334 अवर अभियंता, संगणक एवं फोरमैन को प्रदान किए नियुक्ति प्रत्र

10 सितंबर- मुख्यमंत्री ने 647 वन रक्षकों/वन्यजीव रक्षकों व यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में 41 अवर अभियंताओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र– कुल 688 नियुक्ति पत्र वितरण

24 अक्टूबर- 1950 युवाओं को दिया गया नियुक्ति पत्र। सीएम योगी द्वारा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1526 ग्राम पंचायत अधिकारी, 360 ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) व 64 समाज कल्याण पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण

योगी सरकार द्वारा जनपदों में रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम

17 अगस्त- अंबेडकरनगर में 6552 युवाओं को नियुक्ति पत्र
18 अगस्त- अयोध्या में 5574 युवाओं को नियुक्ति पत्र
22 अगस्त- मुजफ्फरनगर में 4952 युवाओं को नियुक्ति पत्र
27 अगस्त- मैनपुरी में 3710 युवाओं को नियुक्ति पत्र
28 अगस्त- अलीगढ़ में 3991 युवाओं को नियुक्ति पत्र
29 अगस्त- कानपुर नगर में 1000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र
1 सितंबर- मीरजापुर में 4298 युवाओं को नियुक्ति पत्र
2 सितंबर- मुरादाबाद में 7220 युवाओं को नियुक्ति पत्र
3 सितंबर- प्रयागराज में 8743 युवाओं को नियुक्ति पत्र
18 सितंबर- गाजियाबाद में 2505 युवाओं को नियुक्ति पत्र

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button