अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन, यूपी की छवि खराब करने का आरोप

लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर सोमवार को सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अनुरोध राय के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव पर उत्तर प्रदेश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, टोटी चोर पर नहीं भरोसा’ जैसे नारे लगाए। वहीं, उनके हाथों में मौजूद पोस्टर पर लिखा था, ‘यूपी के लोगों को बदनाम किया, अखिलेश ने अपने ही प्रदेश का अपमान किया।’ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अखिलेश यादव को राजनीतिक पहचान और सम्मान दिया है, ऐसे में उन्हें प्रदेश की प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान ‘जिस यूपी ने पहचान दी, उसी की इज्जत अखिलेश ने उछाल दी’ और ‘सियासत के लिए यूपी की बदनामी, मौलाना अखिलेश ये तेरी कैसी मनमानी?’ जैसे नारे भी लगाए गए।
सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और नारों के जरिए अखिलेश यादव के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। हजरतगंज चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदेश की छवि और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



