World

ट्रंप का नया टैरिफ वार: भारत पर 25% टैरिफ का प्रस्ताव, ट्रेड डील हुई तो 17%; सरकार ने ‘अतिरिक्त क्षमता’ का आरोप ठुकराया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने बुधवार को भारत समेत 14 बड़े व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) कार्यालय ने भारत से आने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ प्रस्तावित किया है, लेकिन साथ ही कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता हो जाता है तो यह दर 17 फीसदी पर सीमित रहेगी। भारत सरकार ने अमेरिका के इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है कि उसके किसी भी उद्योग में “ढांचागत अतिरिक्त उत्पादन क्षमता” है।

यह कदम आठ महीने चली उस जांच के बाद आया है, जिसमें अमेरिका ने आरोप लगाया कि कई देश सब्सिडी, मजदूरी दबाने और बाजार बिगाड़ने वाली नीतियों के जरिए जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं। प्रस्तावित दरें अधिकतम 20 से 40 फीसदी तक हैं, लेकिन यूएसटीआर ने कहा है कि जिन देशों से व्यापार समझौते हो चुके हैं या बातचीत चल रही है, उन पर तय सीमा से ज्यादा टैरिफ नहीं लगेगा।

भारत पर 25 फीसदी, समझौता हुआ तो 17 फीसदी

यूएसटीआर की रिपोर्ट में भारत की ‘मेक इन इंडिया’, उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा गया है कि ये विनिर्माण और निर्यात को बढ़ाने के लिए बनाई गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के साथ भारत का वस्तु व्यापार अधिशेष पिछले पांच साल में लगभग लगातार बढ़ा है।

इसके जवाब में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि सरकार ने यूएसटीआर के नोटिस का संज्ञान लिया है और उसकी जांच की जा रही है। मंत्रालय ने कहा, “भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। भारत का रुख रहा है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इसी बातचीत के दायरे में होना चाहिए।” मंत्रालय के मुताबिक भारत ने पूरी जांच में रचनात्मक रूप से हिस्सा लिया और साफ कहा कि देश के किसी भी क्षेत्र में ढांचागत अतिरिक्त क्षमता नहीं है। सरकार ने यह भी दोहराया कि वह समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।

गौर करने वाली बात है कि भारत की प्रस्तावित 17 फीसदी की सीमित दर कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और बांग्लादेश के लिए तय 18 फीसदी से कम है, जिससे एशियाई प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले भारत को मामूली बढ़त मिल सकती है।

चीन पर सबसे ज्यादा मार, किसे कितना टैरिफ

प्रस्ताव के मुताबिक चीन पर 20 फीसदी की सीमित दर लगेगी, जो ट्रंप के पहले कार्यकाल में लगाए गए करीब 25 फीसदी शुल्क के ऊपर होगी। यह दर अमेरिका-चीन के उस व्यापार युद्धविराम के अनुरूप है, जो 10 जनवरी को खत्म हो रहा है। अगर युद्धविराम टूटता है तो चीन की दर बढ़कर 40 फीसदी हो जाएगी। वियतनाम के लिए समझौता होने पर 20 फीसदी और बातचीत विफल होने पर 35 फीसदी की दर रखी गई है।

जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, यूरोपीय संघ और स्विट्जरलैंड के लिए मौजूदा ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ शुल्क समेत 15 फीसदी और सिंगापुर के लिए 10 फीसदी की सीमा तय की गई है। मेक्सिको और नॉर्वे को फिलहाल इस सूची से बाहर रखा गया है, क्योंकि उनके खिलाफ जांच अभी जारी है।

यूएसटीआर ने एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा की:

25 जनवरी की सुनवाई के बाद ही लागू होंगे

व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर ने कहा कि ये टैरिफ 25 जनवरी को होने वाली सार्वजनिक सुनवाई के बाद ही लागू होंगे। नए शुल्क जबरन मजदूरी से जुड़ी एक अलग जांच के तहत प्रस्तावित 10 या 12.5 फीसदी टैरिफ के ऊपर नहीं जुड़ेंगे और स्टील, एल्युमिनियम व ऑटो जैसे क्षेत्रों पर पहले से लगे राष्ट्रीय सुरक्षा शुल्कों में भी नहीं जोड़े जाएंगे।

इस बार प्रशासन ने 1974 के व्यापार अधिनियम की धारा 301 का सहारा लिया है। इसकी एक वजह यह है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी में राष्ट्रीय आपातकाल कानून के तहत लगाए गए ट्रंप के व्यापक वैश्विक टैरिफ रद्द कर दिए थे। धारा 301 अदालतों में परखा हुआ कानून है, इसलिए माना जा रहा है कि इस रास्ते से टैरिफ को ज्यादा मजबूत कानूनी आधार मिलेगा।

इसी के साथ यूएसटीआर ने ब्राजील के तैयार एम्ब्रेयर वाणिज्यिक विमानों के आयात पर 10 फीसदी नया टैरिफ और कोटा से ज्यादा आने वाली ब्राजीली चीनी पर शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा है। ग्रीयर ने कहा कि महीनों की बातचीत के बावजूद ब्राजील के साथ कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।

चीन ने कहा- ‘अतिरिक्त क्षमता’ का मुद्दा है ही नहीं

वॉशिंगटन में चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि “औद्योगिक अतिरिक्त क्षमता” जैसा कोई मुद्दा असल में मौजूद नहीं है और इसे राजनीतिक हेरफेर का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हालांकि चीन ने जवाबी कार्रवाई की कोई धमकी नहीं दी और दोनों पक्षों से ट्रंप व शी जिनपिंग के बीच हुए समझौतों को लागू करने की अपील की।

यह भी पढ़ें

नए टैरिफ की आशंका का असर बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार पर भी दिखा। प्रमुख सूचकांक एक फीसदी से ज्यादा गिरकर खुले और टेक कंपनियों वाला नैस्डैक तीन फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया। मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद भी ट्रंप का यह कदम विपक्ष के निशाने पर है। जनवरी में सीनेट की वित्त समिति की कमान संभालने जा रहे डेमोक्रेट सीनेटर रॉन वाइडन ने कहा कि वह इन टैरिफ को खत्म करने के लिए हर संभव उपाय करेंगे।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button