मिस यूनिवर्स 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सजा ताज, खिताब जीतने वाली पहली मां बनकर रचा इतिहास

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स 2026 बन गई हैं। 27 साल की जेनिफर ने इस खिताब के 75 साल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। वह यह ताज जीतने वाली पहली मां और पहली शादीशुदा महिला हैं। मंगलवार रात (भारतीय समय के अनुसार बुधवार सुबह) प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन हुआन के कोलिसियो डी प्यूर्टो रिको में हुए ग्रैंड फिनाले में पिछले साल की मिस यूनिवर्स मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया।
मेजबान देश की प्रतिनिधि की जीत पर खचाखच भरे स्टेडियम में जश्न का माहौल था। जेनिफर प्यूर्टो रिको की छठी मिस यूनिवर्स हैं। पेशे से मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता जेनिफर की एक बेटी पेनेलोपे है।
116 सुंदरियों को पीछे छोड़कर जीता ताज
इस बार दुनिया भर से 116 प्रतिभागी खिताब की दौड़ में थीं। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास तीसरे स्थान पर रहीं। फिलीपींस की बी मिलन-विंडोर्स्की थर्ड रनर-अप बनीं। टॉप-5 में न्यूजीलैंड की प्रतिभागी भी शामिल रहीं।
फिनाले में जेनिफर से पूछा गया आखिरी सवाल था, “दुनिया को इस समय अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है?” उनके जवाब ने जजों को प्रभावित किया। इससे पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े एक सवाल पर उनका जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई।
जीएमए न्यूज ने एक्स पर नई मिस यूनिवर्स की आधिकारिक तस्वीर साझा की:
3,150 हीरों से जड़ा है इस बार का ताज
जेनिफर को पहनाया गया ताज ‘द रेडियंस ऑफ एन इटर्नल लेगेसी’ इस साल के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है। ज्वेलरी डिजाइनर जॉर्ज विटेल्स और पेरिस की ज्वेलरी कंपनी मेजों डी’ओर के सहयोग से बने इस ताज में 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड पर 3,150 हीरे जड़े गए हैं। समारोह की मेजबानी टीवी होस्ट मारियो लोपेज और मिस यूनिवर्स 2022 आर’बोनी गेब्रियल ने की।
भारत की काजिया लिज मेजो टॉप-12 से चूकीं
भारत के लिए यह फिनाले निराशा लेकर आया। केरल की 19 साल की काजिया लिज मेजो सेमीफाइनल तक तो पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। भारत की आखिरी मिस यूनिवर्स हरनाज संधू थीं, जिन्होंने 2021 में यह खिताब जीता था।
विवादों से घिरा रहा 75वां संस्करण
इस साल का आयोजन कई विवादों के बीच हुआ। वीजा से जुड़ी दिक्कतों के चलते कुछ अफ्रीकी प्रतिभागी हिस्सा नहीं ले सकीं। रिहर्सल के दौरान चोटों की खबरें भी आईं। वियतनाम इस बार कोई प्रतिभागी नहीं भेज सका, क्योंकि वहां की विजेता से अन्य प्रतिभागियों के बारे में निजी संदेश लीक होने के बाद खिताब छीन लिया गया था।
यह भी पढ़ें
- इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026: वीर दास और ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ खाली हाथ लौटे, फ्रांस की ‘करेम’ बनी बेस्ट ड्रामा
- धूम 2 के 20 साल: यशराज के पोस्टर पर ऋतिक रोशन की मजेदार प्रतिक्रिया, ब्राजील में शूट होने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म के अनसुने किस्से
- फवाद खान-माहिरा खान की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर बैन की मांग, AICWA ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
फिनाले के मंच से घोषणा की गई कि 76वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता अगले साल कोस्टा रिका में होगी, लेकिन यह घोषणा भी विवाद में घिर गई। मिस यूनिवर्स के एक्स हैंडल पर जारी लेगेसी होल्डिंग ग्रुप (एमयू ईस्ट) के बयान में कहा गया कि 2027 की प्रतियोगिता की मेजबानी तय करने का अधिकार उसके पास है और वह जून 2026 में ही वियतनाम को चुन चुका है। एमयू ईस्ट ने इस मामले में मध्यस्थता की कार्यवाही शुरू करने और अदालत से रोक की मांग करने की बात कही है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




