
लखनऊ। पेट में लगातार सूजन, सांस लेने में परेशानी और चलने-फिरने में दिक्कत से जूझ रही बिहार की 28 वर्षीय महिला को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर राहत दी। महिला के पेट और पेल्विक हिस्से में करीब 35×32×25 सेंटीमीटर आकार की विशाल गांठ थी, जो लगभग पूरे पेट में फैल गई थी। सर्जरी के दौरान गांठ से करीब 12 लीटर तरल पदार्थ निकाला गया। इसके बाद डॉक्टरों ने गांठ को सफलतापूर्वक हटा दिया।
महिला पिछले तीन से चार महीनों से पेट में सूजन की समस्या से परेशान थी। इसके साथ ही उसे सांस लेने में कठिनाई, चलने-फिरने में परेशानी और कब्ज की शिकायत भी थी। समस्या बढ़ने पर वह एसजीपीजीआई की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओपीडी में पहुंची। जहां डॉ. अंजू रानी ने मरीज की की कुछ जाचें करायी।
जांच में पेट और पेल्विक हिस्से में बेहद बड़ी गांठ होने का पता चला। गांठ का आकार इतना बड़ा था कि वह पेट के लगभग पूरे हिस्से में फैल गई थी और लिवर तथा डायफ्राम तक पहुंच गई थी। इसके कारण पेट के अंदर की आंतें भी एक तरफ खिसक गई थीं। मरीज की स्थिति और गांठ के आकार को देखते हुए डॉक्टरों ने सर्जरी करने का निर्णय लिया।
12 लीटर तरल पदार्थ निकालकर हटाई गांठ
ऑपरेशन के दौरान फैलोपियन ट्यूब से जुड़ी विशाल गांठ से करीब 12 लीटर तरल पदार्थ निकाला। इसके बाद गांठ को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने विशेष सावधानी बरती, जिससे महिला का गर्भाशय, दूसरी तरफ की फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय सुरक्षित बचा लिया गया। इससे महिला की भविष्य में मां बनने की संभावनाएं भी सुरक्षित रखने में मदद मिली। सर्जरी के बाद महिला की हालत में सुधार हो रहा है।
इस टीम ने किया ऑपरेशन
ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. अंजू रानी ने किया। उनकी टीम में डॉ. निधि, डॉ. सरिता और डॉ. आयुषी शामिल रहीं। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. संदीप खूबा और डॉ. हर्षा ने सहयोग दिया। पैरामेडिकल स्टाफ में सिस्टर ज्योति, दिव्या, कामेलिया और बीरभान शामिल रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




