गढ़मुक्तेश्वर व तिगरी मेला ‘वेस्टर्न यूपी का मिनी कुंभ’ बनेगा, सीएम योगी बोले- 25-30 लाख श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता हों इंतजाम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास, 5 कालिदास मार्ग पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेला की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ‘वेस्टर्न यूपी का मिनी कुंभ’ कहा जाने वाला यह मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा। बैठक में मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़, मुरादाबाद समेत संबंधित मंडलों और जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
17 से 26 नवंबर तक मेला, 24 को मुख्य स्नान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को होगा। उन्होंने साफ कहा कि यहां आस्था, परंपरा और सुव्यवस्था का संगम होगा, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी तैयारियां तय समय में पूरी कर ली जाएं और सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें।
उन्होंने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी रोक, घाटों पर सफाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल न हो। घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं हों, जरूरत के हिसाब से नदी को चैनलाइज किया जाए और हर घाट पर पानी उपलब्ध रहे। गंगा तटों पर सफाई और कचरा संग्रह के लिए पर्याप्त स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि मेले के कमांड एरिया में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री कतई न हो और आस्था के विपरीत कोई आचरण न हो। मेले के दौरान नशे के खिलाफ अभियान भी चलाया जाए।
सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनेंगे
श्रद्धालुओं की सेहत के लिए मेले में सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे, जहां पर्याप्त स्टाफ, एंबुलेंस और जरूरी सुविधाएं रहेंगी। बिजली की नियमित आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। परिवहन विभाग श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगा।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ तैनात, पुलिसकर्मी रील से रहें दूर
सुरक्षा के लिहाज से गंगा के दोनों तरफ पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले से पहले एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी पुलिस बल की काउंसलिंग करें। ड्यूटी पर पुलिसकर्मी रील बनाने से दूर रहें।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर, फायर टेंडर, सीसीटीवी निगरानी, रेस्क्यू बोट, यातायात-पार्किंग प्रबंधन और डायवर्जन की ठीक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहेंगे, कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और मेला क्षेत्र में अवांछनीय तत्वों व वन्यजीवों को लेकर भी सतर्कता बरती जाएगी।

रासलीला, रामलीला और लोकगायन से सजेगा मेला
मुख्यमंत्री ने पर्यटन और संस्कृति विभाग को मेले में श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए। लेजर शो और ड्रोन शो भी होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा, लेकिन मंच पर सिर्फ सभ्य और आस्था के अनुरूप कार्यक्रम ही होंगे।
मेले में खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों के लिए स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध जैसी प्रतियोगिताएं होंगी, और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाकर हर आयुवर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर धार्मिक और देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और नकारात्मकता फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेले में आने वाले लोगों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाई जाए।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




