KGMU लखनऊ में नियमों की अनदेखी और जातिगत भेदभाव का आरोप, 27 नवंबर को राजभवन तक पैदल मार्च निकालेंगे सामाजिक संगठन

लखनऊ। राजधानी के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में एक बार फिर प्रशासनिक नियुक्तियों और नियमों के उल्लंघन का मामला गरमा गया है। विश्वविद्यालय में दलित-पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों के कथित हनन के विरोध में सामाजिक संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है।
सामाजिक संगठनों की ओर से आगामी 27 नवंबर, 2026 (शुक्रवार) को शाम 4:00 बजे केजीएमयू से राजभवन तक एक शांतिपूर्ण सांकेतिक मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
डॉ. सुरेश बाबू को डीन बनने से रोकने का आरोप
सामाजिक संगठनों का आरोप है कि केजीएमयू में नियम-कानून को ताक पर रखकर नियुक्त हुए अधिकारी एक षड्यंत्र के तहत दलित और पिछड़े वर्ग के साथ भेदभाव कर रहे हैं। संगठनों का दावा है कि इसी साजिश के तहत डॉ. सुरेश बाबू को डीन बनने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
विश्वविद्यालयों की कार्य परिषद खाप पंचायत की तरह हैं जहाँ नियम क़ानून नहीं होता।15% संख्या वाले 80% पदों पर बैठे हैं।SC,OBC और अल्पसंख्यकों का उचित प्रतिनिधित्व नहीं है।सरकार को इसे समाप्त कर 4 सदस्यीय कार्यपरिषद बनानी चाहिए जिसमे 1 SC,1OBC,1 अल्पसंख्यक ,1 UR सदस्य होना चाहिये।
— Dr.Hari Ram (@doctorhariram) November 24, 2026
इस पूरे प्रकरण को लेकर जी.एस. लीगल एसोसिएट के अधिवक्ता गिरेन्द्र पाल सिंह की ओर से एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सामाजिक संगठनों ने केजीएमयू अधिनियम, 2002 और परिनियमावली, 2011 का हवाला देते हुए प्रशासन के समक्ष पांच सूत्रीय मांगें रखी हैं:
डीन की नियुक्तियां रद्द हों
केजीएमयू एक्ट की धारा-31(4) का उल्लंघन कर डॉ. के. के. सिंह (डीन-पैरामेडिकल) और डॉ. अमिता पांडेय (डीन-नर्सिंग संकाय) की नियुक्तियां की गई हैं। इन्हें तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि कार्य परिषद में गैरकानूनी सदस्यों की भागीदारी रोकी जा सके।
प्रशासनिक पदों पर पूर्णकालिक नियुक्ति
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य परीक्षा नियंत्रक, चिकित्सा अधीक्षक, उपचिकित्सा अधीक्षक, सहायक चिकित्सा अधीक्षक, लाइब्रेरियन, लाएजन ऑफिसर और उपकुलसचिव जैसे पदों पर परिनियमावली के विरुद्ध नियुक्तियां हुई हैं। एक्ट की धारा-17(8) के तहत इन्हें छह माह के बाद जारी रखना अवैध है। इन्हें रद्द कर नियमानुसार पूर्णकालिक नियुक्तियां की जाएं।
खन्ना समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई
कार्य परिषद की शुचिता बनाए रखने के लिए डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी के खिलाफ खन्ना समिति की संस्तुतियों पर तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही, एक्ट की धारा-8(ञ) के तहत केवल किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमसी) के सेवानिवृत्त प्रोफेसरों को ही नामित किया जाए।
नैसर्गिक न्याय और पारदर्शिता
सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिपादित ‘नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत’ को लागू करते हुए कार्य परिषद के सदस्यों को जांच और अनुशासनिक समितियों से दूर रखा जाए। शिकायतों के निस्तारण में जातिगत भेदभाव रहित पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।
स्वच्छ छवि वाले शिक्षकों को मिले प्रभार
संस्थान की गरिमा बचाने के लिए आपराधिक मुकदमों में नामजद व्यक्तियों को सभी प्रशासनिक कार्यों से मुक्त किया जाए। आवश्यकतानुसार केवल स्वच्छ छवि वाले शिक्षकों को ही इंचार्ज बनाया जाए।
मांगें न मानने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
अधिवक्ता गिरेन्द्र पाल सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में केजीएमयू प्रशासन को चेतावनी दी गई है। संगठनों ने कहा है कि यदि इन वैधानिक मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो केजीएमयू के मुख्य गेट पर स्थित राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। संगठनों ने 27 नवंबर को होने वाले मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



