Health

कीमत नहीं बताई तो नहीं बेच सकेंगे फार्मेसी में दवाएं

FSDA का हॉस्पिटल फार्मेसियों पर शिकंजा

लखनऊ। अस्पतालों की फार्मेसियों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) का पहरा कड़ा हो गया है। FSDA ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर जानकारी नहीं उपलब्ध कराई गई तो फार्मेसी में दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी जायेगी।

एफएसडीए की ओर से मरीजों के हित में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हॉस्पिटल फार्मेसियों की व्यवस्था जांची जा रही है। प्रदेश के 64 जिलों में संचालित 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों के निरीक्षण में एक अक्टूबर के आदेश का अनुपालन नहीं मिला। कई फार्मेसियों ने न तो अपनी वेबसाइट तैयार की और न ही उसका यूआरएल काउंटर पर प्रदर्शित किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई फार्मेसियां आयुक्त एफएसडीए के एक अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुरूप वेबसाइट और जरूरी जानकारियां सार्वजनिक नहीं कर रही हैं। आदेश के तहत फार्मेसी का यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान आदेश का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों को औषधि निरीक्षकों ने नोटिस थमाया है। नोटिस में सात दिन के भीतर आयुक्त के आदेश में निर्धारित प्रारूप के अनुसार जरूरी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसमें दवाओं के खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य का विवरण भी शामिल है।

निर्देशों का पालन नहीं करने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत संबंधित फार्मेसी में दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की चेतावनी दी गई है। यह रोक तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक फार्मेसी संचालक आदेश का पूरी तरह अनुपालन नहीं कर लेते।

चार दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

हॉस्पिटल फार्मेसियों के निरीक्षण का यह विशेष अभियान चार दिसंबर तक जारी रहेगा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने जिलों में संचालित हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का मकसद दवाओं की कीमतों या फार्मेसियों के मुनाफे पर नियंत्रण करना नहीं है। यह व्यवस्था स्व-प्रकटीकरण यानी सेल्फ-डिस्क्लोजर पर आधारित है। इसके जरिए मरीजों और उनके परिजनों को यह जानकारी मिल सकेगी कि फार्मेसी किसी दवा को कितनी कीमत पर खरीद रही है और कितने में बेच रही है।

वेबसाइट पर लाइसेंस से लेकर स्टॉक तक की जानकारी जरूरी

एक अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का हवाला देते हुए फार्मेसियों को दवाओं की मूल्य सूची कारोबार स्थल पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही सार्वजनिक वेबसाइट तैयार कर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

वेबसाइट पर नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी प्रदर्शित करना होगा। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ उसका यूआरएल फार्मेसी काउंटर पर दिखाना होगा। ग्राहकों की सुविधा के लिए लिंक अथवा क्यूआर कोड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खरीद मूल्य और एमआरपी के अंतर पर भी नजर

एफएसडीए की पूर्व प्रवर्तन कार्रवाइयों में कुछ दवाओं के खरीद मूल्य और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के बीच काफी अंतर सामने आया था। कुछ मामलों में दवाएं अस्पताल फार्मेसियों को एमआरपी से काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही थीं, लेकिन छूट का लाभ मरीजों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं थी।

विभाग का मानना है कि दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (PTC) की जानकारी सार्वजनिक होने से कीमतों में विसंगतियों की पहचान आसान होगी। इससे मरीजों के आर्थिक हितों की रक्षा के साथ दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता को लेकर संदिग्ध मामलों की जांच में भी मदद मिलेगी।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button