KGMU इंटर्न्स का जोरदार प्रदर्शन: स्टाइपेंड 12 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग

लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मेडिकल इंटर्न्स ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे 400 से ज्यादा इंटर्न्स और छात्रों ने इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्रों की प्रमुख मांग है कि वर्तमान में मिल रहे ₹12,000 प्रतिमाह के स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30,000 किया जाए। उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में यह बढ़ोतरी लागू होनी चाहिए। छात्रों के एकजुट होकर उठाई गई इस मांग को KGMU के प्रोफेसरों और कुलपति का भी समर्थन मिला है।
अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम है स्टाइपेंड
प्रदर्शनकारी छात्रों ने देशभर में इंटर्नशिप स्टाइपेंड में मौजूद भारी असमानता पर गहरी चिंता जताई। इंटर्न्स के मुताबिक, यूपी में मिलने वाला स्टाइपेंड देश के अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। यह पूरे भारत में दिए जाने वाले सबसे कम स्टाइपेंड में से एक है। छात्रों की मांग है कि इसे देशभर के सरकारी चिकित्सा संस्थानों के मानकों के बराबर लाया जाए।
यह भी पढ़ें: यूपी के मेडिकल कॉलेजों में 70% SC-ST आरक्षण बहाल करने की मांग को लेकर विशाल प्रदर्शन
लंबे काम के घंटे और भारी जिम्मेदारी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अपनी जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए न्यायसंगत स्टाइपेंड की मांग की। उनका कहना है कि इंटर्न्स महत्वपूर्ण क्लिनिकल कार्य करते हैं। लंबे कार्य घंटों और मरीजों के प्रति उनकी भारी जिम्मेदारियों को देखते हुए ₹12,000 का स्टाइपेंड नाकाफी है। इंटर्न्स ने संबंधित अधिकारियों से ₹30,000 प्रतिमाह की प्रक्रिया में तत्काल कदम उठाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: SGPGI : डॉक्टरों ने दुर्लभ ट्यूमर से बचाया बुजुर्ग का हाथ, आयुष्मान भारत योजना से हुआ मुफ्त इलाज
यह भी पढ़ें: लखनऊ के सिविल डॉक्टर्स ने की जटिल न्यूरोसर्जरी, स्पाइन टीबी के मरीज को पैरालिसिस से बचाया
कुलपति ने दिया शासन तक बात पहुंचाने का आश्वासन
मौके पर पहुंचीं माननीय कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने इंटर्न्स की मांगों को महत्वपूर्ण और विचारणीय माना। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि वे इस पूरे विषय को माननीय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रमुखता से रखेंगी।




