SGPGI में पहली बार Toe to thumb transfer: पैर का अंगूठा लगाकर युवक के हाथ में बनाया नया अंगूठा
From Foot to Hand: The Surgical Miracle Giving a patient their Grip Back

लखनऊ: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ के अंगूठे की जगह लगाने (Toe to thumb transfer) की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की है। सड़क हादसे में दाहिने हाथ का अंगूठा गंवा चुके 19 वर्षीय युवक के हाथ में अब उसके बाएं पैर का अंगूठा नए अंगूठे के रूप में काम कर रहा है। करीब दस घंटे चली इस सर्जरी के बाद मरीज स्वस्थ है और बिना सहारे के चल-फिर रहा है।
हाथ के 40 फीसदी काम अंगूठे पर निर्भर
संस्थान की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक हाथ के कामकाज में अंगूठे की भूमिका लगभग 40 प्रतिशत होती है। चोट या जन्मजात कारणों से अंगूठा न होने पर हाथ की कार्यक्षमता काफी घट जाती है। ऐसा अंगूठा दोबारा बनाने के, जो ठीक से काम करे, जिसमें संवेदना (sensations) हो और जो देखने में भी सामान्य लगे, बहुत कम विकल्प हैं। पैर के अंगूठे को हाथ में लगाना इन सभी जरूरतों को पूरा करने वाली सबसे बेहतर, लेकिन सबसे जटिल प्रक्रियाओं में गिना जाता है।
सड़क हादसे में कट गया था अंगूठा
संस्थान के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. राजीव भारती के अनुसार 17 मार्च 2026 को एक सड़क दुर्घटना में युवक का दाहिना अंगूठा कट गया था और दाहिने हाथ की दोनों हड्डियां टूट गई थीं। शुरुआती इलाज कहीं और हुआ, जहां कटे अंगूठे की जगह बंद कर दी गई और हड्डियों को जोड़ने के लिए ऑपरेशन किया गया। कुछ महीने पहले वह एसजीपीजीआई पहुंचा। उसकी मुख्य दिक्कतें थीं कि दाहिने हाथ में अंगूठा नहीं था, वह हाथ से ठीक से काम नहीं कर पा रहा था और अंगूठा न होने से उसे मानसिक परेशानी भी हो रही थी।

दो टीमों ने मिलकर की दस घंटे की सर्जरी
पूरी जांच के बाद डॉक्टरों ने पैर के अंगूठे या दूसरी उंगली को हाथ में लगाने की सलाह दी। मरीज और उसके माता-पिता की कई बार काउंसलिंग के बाद बाएं पैर के अंगूठे को थोड़ा छोटा (ट्रिम) करके हाथ में लगाने की योजना बनी। 30 सितंबर 2026 को प्लास्टिक सर्जरी ऑपरेशन थिएटर में जनरल एनेस्थीसिया देकर यह सर्जरी की गई।
ऑपरेशन दो टीमों ने एक साथ किया। एक टीम ने दाहिने हाथ में अंगूठे की जगह और कलाई को तैयार किया, जबकि दूसरी टीम ने बाएं पैर के अंगूठे को उसकी मुख्य धमनी (artery), नस (vein), संवेदना देने वाली नस (sensory nerve) और टेंडन (extensor and flexor tendons) समेत सावधानी से अलग किया।
इसके बाद पैर के अंगूठे को 1.5 मिमी के किर्शनर वायर से हाथ की मेटाकार्पल हड्डी से जोड़ा गया, फिर टेंडन जोड़े गए और धमनी, शिरा व संवेदी तंत्रिकाओं को जोड़ा गया। नए अंगूठे में रक्त प्रवाह ठीक से शुरू होने के बाद त्वचा बंद की गई और हाथ को स्थिर रखने के लिए पीओपी स्लैब लगाया गया। पैर में जहां से अंगूठा लिया गया, उस जगह को भी सीधे बंद कर दिया गया।

यह भी पढ़ें
मरीज स्वस्थ, बिना सहारे चल रहा
ऑपरेशन के बाद नए अंगूठे की लगातार निगरानी की गई। रिकवरी के दौरान कोई परेशानी नहीं आई और मरीज को छुट्टी देकर नियमित रूप से ओपीडी में दिखाने को कहा गया। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज की हालत अच्छी है, लगाया गया अंगूठा ठीक से काम कर रहा है और वह बिना किसी सहारे और दिक्कत के चल रहा है।

हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट की ओर अहम कदम
एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने इस सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में एक समर्पित हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट (हाथ प्रत्यारोपण इकाई) स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
सर्जरी करने वाली टीम
प्लास्टिक सर्जरी टीम में कंसल्टेंट डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती और डॉ. निखिलेश कुमार के साथ रेजिडेंट डॉ. आइना, डॉ. सुरभि, डॉ. जूही, डॉ. झिलिक, डॉ. शताक्षी और डॉ. प्रज्ञा शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में कंसल्टेंट डॉ. आशीष कनौजिया और रेजिडेंट डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि व डॉ. हर्ष थे। ओटी स्टाफ में संजीव, सोनी, रितु, बसंत और पवन ने सहयोग किया।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




