मदर्स डे पर बिसात के बादशाह: शिवाय सिंह-याकूब हुसैन की संयुक्त बढ़त

प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा बोलीं- “शतरंज भी मां की तरह जीवन में सही चाल सिखाता है”
सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में चल रही यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में रविवार को अंडर-15 ओपन वर्ग के सात चक्र बेहद रोमांचक रहे। प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बिसात पर रणनीति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
छठे चक्र की शुरुआत विशेष मदर्स डे सेलिब्रेशन के साथ हुई। इस खूबसूरत मौके पर दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर की प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा, “शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और निर्णय क्षमता का अद्भुत संगम है। जिस प्रकार मां अपने बच्चों को हर परिस्थिति में सही मार्ग दिखाती हैं, उसी तरह शतरंज भी जीवन में सही चाल चलना सिखाता है। मदर्स डे के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और उत्साह का विशेष संदेश लेकर आई है। हमें गर्व है कि प्रदेशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी यहां अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।”

खिलाड़ियों और अभिभावकों ने इस भावनात्मक आयोजन को उत्साहपूर्वक मनाया।
सात चक्रों के बाद प्रयागराज के याकूब हुसैन और वाराणसी के शिवाय सिंह ने 6-6 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर कब्जा जमा लिया है।
लखनऊ के लक्ष्य निगम, गाजियाबाद के विवान वरुण, गौतम बुद्ध नगर के अयान त्रिखा और महाराजगंज के अयांश सिंह 5.5-5.5 अंकों के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
बिजनौर के स्पर्श कुमार, गोरखपुर के सोहम मित्तल, गौतम बुद्ध नगर के अर्जुन कुमार, गोरखपुर के रक्षित शेखर द्विवेदी और अलीगढ़ के कुशाग्र भटनागर 5-5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
चीफ आर्बिटर आनंद सिह के मुताबिक खिताबी दौड़ अब और रोमांचक हो गई है। अंतिम चक्रों तक मुकाबला बेहद कड़ा रहने की उम्मीद है।




