opinion

नोएडा श्रमिक आंदोलन 2026 : रियलिटी चेक

सिर्फ वेतन विवाद नहीं, हक और सम्‍मान की लड़ाई

Kuldeep Shrivastava

नोएडा: साल 2026 का नोएडा श्रमिक आंदोलन इतिहास के पन्नों में सिर्फ एक हड़ताल के रूप में नहीं, बल्कि औद्योगिक व्यवस्था (System) के खिलाफ एक बड़े विद्रोह के रूप में दर्ज किया जाएगा। इस बार की लड़ाई फैक्ट्री की चहारदीवारी के भीतर ‘मजदूर बनाम मैनेजमेंट’ तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह सीधे उस तंत्र से थी जो श्रमिकों की बुनियादी जरूरतों और उनके सम्मान को नजरअंदाज करता आ रहा था। मजदूरों ने इस संघर्ष के जरिए यह साबित कर दिया कि वे अब केवल ‘लागत’ (Cost) का हिस्सा नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण भागीदारी के हकदार हैं।

इस बार मजदूरों की लड़ाई फैक्ट्री मालिकों से नहींबल्कि सीधे सिस्टम के साथ थी। जहां उन्होंने मजबूती से संघर्ष किया और अंततः न्यायसंगत जीत भी हासिल की। Worker ने सिर्फ पैसा नहींन्याय और सम्मान भी मांगा। यह आंदोलन “मजदूर बनाम मैनेजमेंट” नहीं है बल्कि मजदूर बनाम सिस्टम के रूप में निकलकर सामने आया।

आंदोलन का मुख्य ट्रिगर: एक ही काम, अलग-अलग वेतन

इस पूरे असंतोष की जड़ में ‘Same Company, Same Work — But NCR में अलग-अलग वेतन’ का मुद्दा अहम रहा। एक ही कंपनी में, एक ही प्रोफाइल पर काम करने वाले श्रमिकों के वेतन में नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के बीच भारी विसंगति देखी गई। जब काम की प्रकृति और कंपनी एक है, तो दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में वेतन का यह अंतर श्रमिकों के लिए मानसिक और आर्थिक चोट की तरह था। प्रशासन और संबंधित अथॉरिटीज ने ‘Cost of Living vs Wages’ का सही आकलन करने में भारी चूक की, जिससे यह आक्रोश और भड़क गया।

प्रशासन और खुफिया तंत्र की विफलता

आंदोलन के दौरान यह स्पष्ट रूप से उभरकर आया कि स्थानीय प्रशासन और खुफिया तंत्र (Local Intelligence) पूरी तरह से ‘प्रो-एक्टिव’ होने में विफल रहे। श्रमिकों के बीच सुलग रहे इस गुस्से को भांपने में देरी हुई। सालों से चल रहे ‘Non-compliance’ और श्रम कानूनों की अनदेखी को प्रशासन नजरअंदाज करता रहा। जब पानी सिर से ऊपर गुजर गया, तब जाकर सिस्टम की नींद टूटी, लेकिन तब तक मजदूर सड़कों पर उतरकर अपनी ताकत का अहसास करा चुके थे।

HR की भूमिका: रणनीतिक सलाहकार या सिर्फ ‘Yes Man’?

इस आंदोलन ने कंपनियों के HR (Human Resources) विभाग की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। आधुनिक औद्योगिक ढांचे में HR को मैनेजमेंट और वर्कर के बीच एक रणनीतिक सलाहकार (Strategic Advisor) की भूमिका निभानी चाहिए थी, लेकिन अधिकांश जगहों पर वे केवल ‘Management Appeasement’ और ‘Yes Man’ की भूमिका में नजर आए। नियमों की खानापूर्ति (Compliance bypass) कराने के चक्कर में उन्होंने श्रमिकों के हितों की बलि दी। वेतन संशोधन जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों से यूनियनों को पूरी तरह दूर रखना मैनेजमेंट की सबसे बड़ी रणनीतिक हार साबित हुई।

‘लाला माइंडसेट’ और भविष्य की चुनौती

प्रबंधन की ‘लागत घटाने की मानसिकता’ (Lala Mindset) ने श्रमिकों को केवल एक मशीन का पुर्जा समझ लिया। श्रमिकों ने स्पष्ट कर दिया कि यह लड़ाई केवल पैसों की नहीं, बल्कि ‘न्याय और सम्मान’ की है। यदि उद्योग जगत अब भी श्रमिकों को केवल एक खर्चा (Liability) मानता रहेगा और उन्हें विकास में बराबर का भागीदार नहीं समझेगा, तो नोएडा 2026 जैसी घटनाएं कोई अपवाद नहीं, बल्कि आने वाले समय की एक कड़वी हकीकत बन सकती हैं।

  Kuldeep Shrivastava

कुलदीप श्रीवास्‍तव, सीनियर एचआर प्रोफेशनल

kdshrivastava@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button