प्रयागराज की संस्कृति यादव बनीं अंडर-11 गर्ल्स चैंपियन

सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में शनिवार को अंडर-11 गर्ल्स वर्ग का रोमांचक समापन हुआ। प्रयागराज की उभरती खिलाड़ी संस्कृति यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

अंतिम चक्र में संस्कृति यादव ने वाराणसी की आंशी त्रिपाठी को बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में मात दी और कुल 5.5 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
गोरखपुर की दीपांजली श्रीवास्तव ने 5 अंकों के साथ उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं बिजनौर की गौरी त्यागी और वाराणसी की परीक्षिता दुबे ने 4.5-4.5 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर गौरी को तीसरा और परीक्षिता को चौथा स्थान मिला।
मुरादाबाद की इनाया आज़म अंतिम चक्र में जीती हुई बाजी हार जाने के कारण पांचवें स्थान पर खिसक गईं। प्रतियोगिता में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी अब राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वहीं अंडर-15 ओपन वर्ग में मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। चार चक्रों की समाप्ति के बाद गौतम बुद्ध नगर के अयान त्रिखा, प्रयागराज के याकूब हुसैन और वाराणसी के शिवाय सिंह 4-4 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
बिजनौर के स्पर्श कुमार तथा गोरखपुर के रक्षित शेखर द्विवेदी 3.5-3.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
इसके अलावा प्रग्नेय बघेल, आदित्य गुप्ता, लक्ष्य निगम, रुद्र प्रताप श्रीवास्तव, सात्विक श्रीवास्तव, विवान वरुण, पर्व चौधरी, अयांश सिंह, अर्जुन वर्मा, नंदीश, अर्नव त्यागी, प्रणव रस्तोगी, सोहम मित्तल, विवान गर्ग एवं दिव्य मोहन 3-3 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
शतरंज प्रेमियों की नजरें अब अंडर-15 ओपन वर्ग के आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां हर चक्र के साथ प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक होती जा रही है।




