UP

नशा समाज के लिए बन रहा बड़ी चुनौती : डॉ० जिलानी

सीतापुर। इनरव्हील क्लब ऑफ सीतापुर की ओर से नशा मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और आम नागरिकों को तंबाकू, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा उनसे दूर रहने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नार्कोटिक्स विशेषज्ञ डॉ. जिलानी (डीएम मनोचिकित्सक) ने तंबाकू, ड्रग्स और अन्य प्रकार के नशे से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है और इसका प्रभाव विशेष रूप से युवाओं पर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदतों से होती है, जो धीरे-धीरे गंभीर लत में बदल जाती है।

IMG 20260315 WA0038

डॉ. जिलानी ने बताया कि नशे की लत डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी मानसिक समस्याओं को भी जन्म देती है। उन्होंने कहा कि कई लोग फैशन या उत्सुकता के कारण नशे की ओर आकर्षित होते हैं, लेकिन समय के साथ यह एक खतरनाक आदत बन जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि जो लोग नशे के आदी हो चुके हैं, उन्हें सही परामर्श और चिकित्सकीय मार्गदर्शन के माध्यम से इस आदत से बाहर लाया जा सकता है।

उन्होंने समाज में बढ़ रही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ विशेषकर 50 वर्ष के बाद एंग्जायटी की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को डर और चिंता के बीच अंतर समझना चाहिए और नियमित व्यायाम तथा संतुलित दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. जिलानी(डीएम मनोचिकित्सक) ने अल्ज़ाइमर जैसी बीमारी के बारे में भी जानकारी दी और लोगों को इसके लक्षणों व बचाव के उपायों से अवगत कराया।

इनरव्हील क्लब ऑफ सीतापुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष उर्वशी अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अंजू गुप्ता, सचिव सरिता अग्रवाल, नीरू अग्रवाल, इंदुरत्न, वर्षा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, प्रीति चनहा, प्रतिमा शाह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम सीतापुर मेडिकल हाल में आयोजित किया गया, जहां व्यवस्थाओं का संचालन बसंत गोयल द्वारा सुचारू रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

Shailendra Yadav

शैलेंद्र यादव सीनियर पत्रकार हैं। वह राजनीति, एजूकेशन, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखते हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग और दिलचस्प कहानियां भी लिखते हैं। पत्रकारिता में 12 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत सीतापुर लाइव न्यूज. इसके बाद विभिन्‍न पत्र पत्रिकाओं में काम किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button