गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 देशों के 10 हजार विदेशी भक्तों ने की परिक्रमा

गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पर मंगलवार को मथुरा में गिरिराज तलहटी आस्था से सराबोर रही। सुबह चार बजे से ही दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद, जतीपुरा मुखारविंद समेत 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। लाखों श्रद्धालुओं ने दूध की धारा से पर्वतराज को स्नान कराया।
जयकारों और संकीर्तन से गूंजा परिक्रमा मार्ग
सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। ‘तेरी कट जाएं बाधा जीवन की, कर परिक्रमा गोवर्धन की’ जैसे भजनों और हरे कृष्णा-हरे राम संकीर्तन के बीच महिलाएं और पुरुष परिक्रमा करते रहे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प सज्जा, झांकियां और भंडारे लगे थे, और भक्त सिर पर अन्नकूट की टोकरी रखकर गिरिराज प्रभु को अर्पित करते हुए आगे बढ़ते रहे।
40 देशों के 10 हजार से ज्यादा विदेशी भक्त पहुंचे
इस्कॉन और गौड़ीय संप्रदाय के भारतीय भक्तों के साथ 40 देशों से आए 10 हजार से ज्यादा विदेशी श्रद्धालुओं ने भी उत्साह से हिस्सा लिया। विदेशी भक्त ढोल-नगाड़ों पर नाचते और कीर्तन करते दिखे। राधाकुंड मार्ग के गौड़ीय मठ से भक्त छबरियों में सजी अन्नकूट सामग्री लेकर निकले। पर्वतराज का पंचामृत से अभिषेक कर 56 भोग अर्पित किए गए।
अमेरिका से आईं श्रद्धालु गौरा मणि देवी दासी ने बताया कि इस्कॉन की गौशाला में 2000 किलो सूजी के हलवे से गिरिराज जी का स्वरूप बनाया गया, जिसमें 250 किलो हलवा उन्होंने खुद तैयार किया। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि आकर भगवान कृष्ण के करीब होने का अहसास होता है। पोलैंड से आईं गौराबैनी देवी दासी पहली बार गोवर्धन पूजा में शामिल हुईं और बोलीं कि विदेशी भक्तों के लिए ब्रज आना किसी बड़े सपने के सच होने जैसा है। नोएडा से आईं सुमन शर्मा ने कहा कि वह हर साल परिक्रमा करने आती हैं और इस बार व्यवस्थाएं भी बहुत अच्छी रहीं।
बरसाना में गोबर से बना गिरिराज, मंदिरों में अन्नकूट
बरसाना में भी गोवर्धन पूजा श्रद्धा से मनाई गई। भक्तों ने गोबर से गिरिराज पर्वत का प्रतीक बनाकर दूध, दही और मिठाई का भोग लगाया। राधारानी मंदिर, रंगीली महल और मानगढ़ धाम में विशेष अनुष्ठान हुए। मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन में भव्य अन्नकूट महोत्सव मना, जहां बांके बिहारी मंदिर के बाहर करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।
यह भी पढ़ें
द्वापर युग से जुड़ी है परंपरा
दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा दास कौशिक ने बताया कि श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा का विरोध कर गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कराई थी और इंद्र के कोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए सात दिन तक पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाए रखा था। तभी से यह पर्व मनाया जाता है। भारी भीड़ को देखते हुए सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




